
गढ़ः चलती कार पर गिरा पेड़, महिला घायल
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) जनपद हापुड़ के थाना गढ़मुक्तेश्वर में गुरुवार की सुबह दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे 9 पर स्थित एक चलती कार पर अचानक एक जर्जर पेड़ गिर गया। हादसे में कार सवार एक महिला घायल हो गई। वहीं आनन-फानन में फायर ब्रिगेड स्टेशन इंचार्ज रोहतास तोमर की टीम ने घायल महिला को रेस्क्यू कर अस्पताल में भर्ती कराया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार श्याम कुमार अपने परिवार के साथ कार में सवार होकर पलिया कला जनपद लखीमपुर खीरी जा रहा था। जैसे ही वह गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे से गुजरे तभी सड़क किनारे खड़ा एक पुराना जर्जर पेड़ टूटकर कार के ऊपर आ गिरा। पेड़ गिरने से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार में बैठी गरिमा नामक महिला घायल हो गईं।
जैसे ही घटना की सूचना फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम को मिली तो वह तुरंत मौके पर पहुंची और फायर कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद पेड़ की शाखाएं काटकर कार में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। घायल महिला को एंबुलेंस की सहायता से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। वहीं पुलिस ने यातायात को सुचारु कराया।
“द रेमंड शॉप” दे रहे हैं रेडीमेड कलेक्शन पर 50% तक की विशेष छूट: 9149331926






















