
हापुड़, सीमन/ अमित कुमार/अशोक तोमर (ehapurnews.com):जनपद हापुड़ के थाना बाबूगढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव भीकनपुर में एक मकान की छत गिरने से तीन बच्चे समेत पांच लोग घायल हो गए जबकि एक ने दम तोड़ दिया। शोर सुनकर आसपास मौजूद लोग एकत्र हुए जो मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला। रेस्क्यू करने के बाद घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। मौके पर एसडीएम सदर ईला प्रकाश, सीओ जितेंद्र शर्मा, बाबूगढ़ थाना प्रभारी महेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।
जानकारी के अनुसार शहजाद निवासी भीकनपुर अपने परिजनों के साथ घर में शुक्रवार को मौजूद था। तभी मकान की छत अचानक भरभराकर नीचे आ गिरी। शुक्रवार की शाम करीब 5:30 बजे मकान की छत का बीम गिरने से यह हादसा हुआ। इस दौरान नौ वर्षीय नमरा पुत्री मन्नान की दर्दनाक मौत हो गई जिसके शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं शहजाद, उसकी 30 वर्षीय पत्नी फरहाना, पुत्री छह वर्षीय माही, पुत्री तीन वर्षीय निधा तथा यासीन की 11 साल की बेटी अरसी घायल हो गए जिनका उपचार अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।





















