सूदखोरों की प्रताड़ना से तंग युवक इधर-उधर छिपा
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : सूदखोरों की प्रताड़ना से तंग आकर ठेले पर फल बेचने वाला एक युवक इधर-उधर छिपता फिर रहा है। युवक के परिवारजन भी सूदखोरों के तगादे तथा उनकी अभद्रता से परेशान है। युवक ने सारी जमा पूंजी व उधारी सटोरियों के ठिकाने पर गंवा दी।
हापुड़ के अतरपुरा चौपला पर स्थित नेहरु प्रतिमा के पास यह युवक ठेले पर फल बेचता था। अपने व्यवहार व कुशल आचरण के कारण यह युवक सबका चेहता बन गया और फलों का कारोबार चमक उठा। हापुड़ के सट्टेबाजों ने युवक पर डोरे डाले और हर दांव मे जीत का आश्वासन दिया।
युवक दड़ें का सट्टा लगाने लगा और दांव हारता चला गया जिसका नतीजा यह हुआ कि वह अपनी जमा पूंजी सटोरियों के हाथों गंवा बैठा और थोक फल विक्रेताओं का कर्जदार होता चला गया। कर्ज उतारने के लिए वह सूदखोरों के चंगुल में फंस गया। अतरपुरा के सूदखोरों से उसने मोटे ब्याज पर लाखों रुपए का कर्ज लिया और कर्ज की धनराशि भी सट्टेबाजों के ठिकाने पर गंवा दी।
कर्ज के बोझ तले दबे युवक पर जब सूदखोरों व उधारी वालों का दवाब बढ़ने लगा तो वह अतरपुरा चौपला पर ठिकाना छोड़ कर भाग खड़ा हुआ, अब सूदखोर व उधारी वसूलने वाले रोजाना युवक के घर दस्तक दे रहे है। नागरिकों ने सूदखोरों व सटोरियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
जूतों पर 40% तक की छूट: 8909980038

























