
उदयपुर में हापुड की शिक्षिका डॉ.रेणु देवी ने किया उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व
हापुड सीमन (EHAPURNEWS.COM): केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय के अंतर्गत संचालित सेंटर फॉर कल्चरल रिसोर्सेज एंड ट्रेनिंग (CCRT), उदयपुर के तत्वावधान में आयोजित “हमारी सांस्कृतिक विविधता” विषयक 10-दिवसीय राष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्राथमिक विद्यालय नवादा ब्लॉक व जनपद हापुड़ की शिक्षिका डॉ.रेणु देवी ने उत्तर प्रदेश राज्य की प्रतिनिधि टीम के सदस्य के रूप में सहभागिता कर प्रदेश का नाम रोशन किया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर सीसीआरटी के क्षेत्राधिकारी अभीक सरकार व प्रशिक्षण कॉर्डिनेटर हितेश पानेरी द्वारा उन्हें उत्कृष्ट सहभागिता हेतु प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस 10-दिवसीय गहन कार्यशाला में उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने के साथ-साथ कई व्यावहारिक व कलात्मक गतिविधियों का संपादन किया गया। प्रशिक्षण के मुख्य आकर्षण निम्नलिखित रहे:
पारंपरिक हस्तशिल्प व लोककला: क्राफ्ट सत्र के दौरान पतंग निर्माण, पॉटरी (मृदा कला) गतिविधि के अंतर्गत चाक पर विभिन्न प्रकार के बर्तन बनाने की तकनीक तथा राजस्थान की प्रसिद्ध टाई एंड डाई (बंधेज) शैली के तहत लहरिया व बूंदी छाप के परिधान तैयार करने की बारीकियाँ सीखीं और साझा कीं।
अभिनय एवं शिक्षण कौशल: कक्षा शिक्षण को रुचिकर बनाने के लिए अभिनय कला (Drama in Education) का प्रयोग, पर्यावरण संरक्षण तथा भाषाई विविधता पर आधारित विभिन्न गतिविधियों का प्रभावी प्रदर्शन किया गया।
सांस्कृतिक आदान-प्रदान: देश भर के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागी शिक्षकों द्वारा अपनी-अपनी क्षेत्रीय लोक कलाओं व नृत्य-संगीत के माध्यम से मंच पर भारत की सांस्कृतिक विविधता की मनमोहक झलक प्रस्तुत की गई।
प्रशिक्षण के अनुभवों को साझा करते हुए डॉ.रेणु देवी ने बताया कि इस कार्यशाला का उद्देश्य शिक्षा को कला व संस्कृति से जोड़ना था। यहाँ सीखी गई क्राफ्ट गतिविधियों, अभिनय पद्धतियों और अनुभवात्मक अधिगम (Experiential Learning) को अपने विद्यालय के विद्यार्थियों तक पहुँचाया जाएगा, जिससे बच्चों में कलात्मक सोच और अपनी संस्कृति के प्रति सम्मान विकसित हो सके।
कार्यक्रम के समापन दिवस पर डॉ.रेणु द्वारा गौरैया की उड़ान टीम के लगातार प्रयास को क्षेत्राधिकारी सहित देश के कोने कोने से आए लगभग 16 राज्यों से आए 116 प्रतिभागियों के साथ साझा किया गया व सीसीआरटी, उदयपुर राजस्थान को गौरैया के कृत्रिम घर उपहार स्वरूप भेंट किए गए।
लाजपत नगर, चांदनी चौक का माल अब हापुड़ से खरीदें, 390 रुपए से शुरू: 9456414025




















