
हापुड़,सूवि(ehapurnews.com):हापुड कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी कविता मीना, पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी श्रुति शर्मा की अध्यक्षता में श्रावण माह में आयोजित होने वाली कावड़ यात्रा-2026 की तैयारियों के संबंध में बैठक आयोजित की। बैठक में कावड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु विभागवार दायित्व निर्धारित किए गए।
जिलाधिकारी ने बताया कि कावड़ यात्रा मार्ग का संयुक्त भ्रमण कर लिया गया है। उन्होंने निर्देश दिए कि संपूर्ण मार्ग पर बैरिकेडिंग, सी सी टी वी, ड्रोन कैमरा एवं पर्याप्त पुलिस/पीएसी बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। नगर पालिका/नगर पंचायत एवं जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिए कि कावड़ मार्ग, शिविर स्थलों एवं घाटों पर नियमित साफ-सफाई, चूना छिड़काव, मोबाइल टॉयलेट एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करें। मार्ग में कहीं भी गड्ढे न रहें। अधिशासी अभियंता जल निगम एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि मार्ग में प्रत्येक 1 किमी पर शुद्ध पेयजल, ओ आर एस घोल एवं स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएं। सभी सी एच सी/पी एच सी व जिला अस्पताल में इमरजेंसी सेवाएं, एंटी-वेनम, एंटी-रेबीज एवं जीवन रक्षक दवाएं उपलब्ध रहें। अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देश दिए कि कावड़ मार्ग पर लटकते/जर्जर तारों को तत्काल ठीक करें। विद्युत के सभी खंभों पर अस्थाई काली पॉलीथिन की टैपिंग करा दी जाए। कावड़ शिविरों में अस्थाई विद्युत कनेक्शन नियमानुसार दें। अग्निशमन विभाग प्रत्येक शिविर स्थल पर फायर टेंडर व उपकरणों के साथ तैनात रहे। जिला अभिहित अधिकारी – खाद्य सुरक्षा को निर्देश दिए कि कावड़ मार्ग पर स्थित होटल, ढाबा, फल एवं खाद्य सामग्री विक्रेताओं की सघन चेकिंग करें। रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित हो। जिलाधिकारी ने कहा कि शिविर लगाने हेतु अनुमति संबंधित उप जिलाधिकारी से संबंध में बनाकर ले सकते हैं। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी एवं यातायात पुलिस को निर्देश दिए कि भारी वाहनों का रूट डायवर्जन प्रभावी ढंग से लागू कराना सुनिश्चित करें, जिससे जाम की समस्या उत्पन्न ना हो। कावड़ियों के विश्राम के लिए सड़क मार्ग से हटकर पार्किंग स्थल चिन्हित करें। जिला स्तर पर एकीकृत कंट्रोल रूम स्थापित होगा जो 24 घंटे कार्य करेगा। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। अफवाह फैलाने वालों पर एन एस ए की कार्रवाई होगी। जिलाधिकारी ने अपील कर कहा कि “कावड़ यात्रा आस्था एवं अनुशासन का प्रतीक है। सभी कावड़िए यातायात नियमों का पालन करें, प्लास्टिक का प्रयोग न करें। जनपदवासी सहयोग कर यात्रा को ऐतिहासिक बनाएं। प्रशासन आपकी सेवा में तत्पर है।” बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी संदीप कुमार, सभी उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी पुलिस, मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, सभी अधिशासी अधिकारी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग/विद्युत/जल निगम एवं कावड़ यात्रा संघों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
हर ऑर्डर पर गोलगप्पे FREE, ₹100 में अनलिमिटेड छोले-भटूरे: 7668606012, 7017570838
























