
धौलाना: सुख स्टील फैक्ट्री परिसर के गोदाम में लगी आग के मामले में फैक्ट्री के निदेशक व प्रबंधन पर मुकदमा दर्ज
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना धौलाना क्षेत्र के यूपीएसआईडीसी फेस-3 स्थित सुख स्टील फैक्ट्री परिसर में बने गोदाम में लगी आग के मामले में पुलिस ने फैक्ट्री मालिक व प्रबंधन निदेशक समेत दो व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। फैक्ट्री में लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ था जिसके बाद केस दर्ज करने की कार्यवाही की गई थी।
आपको बता दें कि नौ जुलाई की तड़के करीब तीन बजे सुख स्टील फैक्ट्री के गोदाम में आग लग गई थी। हादसे में गांव देहरा के रहने वाले 26 वर्षीय साबेज गंभीर रूप से घायल हो गए थे जिन्हें तत्काल मेरठ के लिए रेफर किया गया था। वहीं, बागपत जिले के थाना दौघट क्षेत्र के गांव मंगरोली के रहने वाले 50 वर्षीय गुलफाम की आग से झूलसकर मौत हो गई थी। सीओ पिलखुवा मनीष चंद्र का कहना है कि मामले की जांच करने पर सामने आया कि फैक्ट्री प्रबंधन आग से सुरक्षा संबंधी मानकों का पालन नहीं कर रहा था। फायर विभाग द्वारा मांगी गई अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) फैक्ट्री प्रबंधन नहीं दिखा सका। पुलिस का आरोप है कि फैक्ट्री के निदेशक मोहम्मद शकील व जैद निवासी क्लब लोन, बाटला हाउस, जामिया नगर ओखला (नई दिल्ली) सहित फैक्ट्री प्रबंधन की लापरवाही के कारण फैक्ट्री में आग लगी थी। दमकल विभाग ने जब एनओसी मांगी तो फैक्ट्री प्रबंधन एनओसी नहीं दिखा सका जिसके बाद फैक्ट्री के निदेशकों और प्रबंधन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
MONAD UNIVERSITY: ADMISSION OPEN 2026-2027 || Free Education for Girls in Selected Courses: 8475074951,52

























