
डिवाइडर से टकराकर पलटा छोटा हाथी, चालक की मौत
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): धौलाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में 47 वर्षीय चालक की जान चली गई। मृतक की पहचान कस्बे के बड़ा मोहल्ला निवासी जोगेंद्र पुत्र जयपाल के रूप में हुई है। जोगेंद्र छोटा हाथी चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे।
बताया जा रहा है कि रविवार देर रात वह अपनी बीमार मां गुलवती को देखने धौलाना आए थे। मां की तबीयत खराब होने पर उन्होंने उन्हें जल्द अच्छे अस्पताल में भर्ती कराने की बात कही और रात करीब डेढ़ बजे अपने घर लौटने के लिए रवाना हो गए।
वापसी के दौरान गाजियाबाद में तालाब के पास उनका छोटा हाथी अचानक डिवाइडर से टकराकर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और जोगेंद्र का सीना वाहन के हैंडल में फंस गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल जोगेंद्र को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सोमवार को गाजियाबाद के हिंडन स्थित मोर्चरी में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया।
कैलकुलेटर से भी तेज दौड़ेगा दिमाग, सीखें अबेकस (Abacus) व वैदिक मैथ्स (Vedic Maths) 9219237480


















