
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के धौलाना के औद्योगिक क्षेत्र में ट्रक बुकिंग के नाम पर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित उद्यमी रमेश कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर को उनके मोबाइल पर एक व्यक्ति का फोन आया, जिसने ट्रक बुकिंग कराने की बात कही। उद्यमी के अनुसार वह पहले से ही आनलाइन ट्रक बुकिंग के लिए इंटरनेट पर जानकारी तलाश रहे थे। इसी दौरान संपर्क करने वाले व्यक्ति ने खुद को ट्रांसपोर्ट एप से जुड़ा बताया। फोन करने वाले युवक ने ट्रक भेजने से पहले करीब छह हजार रुपये एडवांस जमा करने की मांग की और कहा कि शेष भुगतान ट्रक पहुंचने के बाद किया जाएगा। भरोसा कर उद्यमी ने बताए गए खाते में आनलाइन भुगतान कर दिया। इसके बाद युवक ने कुछ ही देर में उनका नंबर ब्लाक कर दिया। साइबर हेल्प डेस्क प्रभारी दिव्य बालियान ने बताया कि शिकायत दर्ज कर ली गई है और पीड़ित की रकम वापस दिलाने के प्रयास किए जाएंगे।

























