
84 लाख रुपए हड़पने के आरोप में मुकदमा दर्ज
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना पिलखुवा ने मुकदमा दर्ज किया है। दरअसल दिल्ली निवासी एक कंपनी निदेशक ने परसौन गांव के एक व्यक्ति व उसके परिवार पर 84 लाख रुपए लेकर जमीन का बैनामा नहीं कराने का आरोप लगाया हैं। पीड़ित ने थाने में तहरीर देते हुए कार्यवाही की मांग की हैं।
जानकारी के अनुसार दिल्ली के कोंडली, मयूर बिहार निवासी व मसर्स प्राइम कंसलटेंट्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक प्रेम कुमार ने बताया कि 10 जनवरी 2025 को पिलखुवा के परसौन गांव स्थित खसरा संख्या 346 और 347 में हिस्सेदारी वाली जमीन का पंजीकृत एग्रीमेंट कराया गया था। प्रेम कुमार ने आरोप लगाया है कि एग्रीमेंट के समय भूमि से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों को छुपाया गया था। उन्होंने बताया कि आरटीजीएस और चार चेको से 84 लाख रुपए का भुगतान किया गया था और बाद में बैनामा कराने की बात करने पर आरोपी ने इनकार कर दिया।
उसके बाद आरोपी अपनी पत्नी, पुत्री और दो बेटों के साथ जमीन पर पहुंचे और वहां पर निर्माणाधीन चारदीवारी गिरा दी। प्रेम कुमार ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने गाली गलौज की और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी और कहा कि “न जमीन देंगे और न ही रकम वापस करेंगे” पिलखुवा सीओ मुनीश चंद्र ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की है और मामले की जांच जारी है।
एक फोन पर कराएं सीवर सैप्टिक टैंक की मशीन द्वारा सफाई: 9219695264























