
रिश्वतखोर ACO के खिलाफ मुकदमा दर्ज, अन्य आधिकारी रडार पर
हापुड़, सीमन/ संजय कश्यप (ehapurnews.com): एंटी करप्शन की टीम ने ₹40,000 की रिश्वत लेते सहायक चकबंदी अधिकारी जयवीर सिंह को खेतों में मंगलवार को रंगे हाथों दबोच लिया। पीड़ित किसान ने बताया कि रिश्वतखोर ने उससे एक लाख रुपए रिश्वत की मांग की थी। आरोपी को रंगे हाथों दबोचने के लिए टीम ने जाल बिछाया और उसे दबोच लिया। हालांकि बताया जा रहा है कि रिश्वतखोर एसीओ को टीम की भनक लग चुकी थी। ऐसे में वह पीड़ित किसान को चकमा देता रहा और शाम करीब 6:30 बजे वह किसान के पास पहुंचा और रिश्वत ली। तभी एंटी करप्शन ने उसे 6:45 बजे दबोच लिया। इस दौरान 10 घंटे तक एंटी करप्शन की टीम कड़ी धूप में खड़ी रही। फिलहाल विभाग के अन्य अधिकारी भी रडार पर है।
ऐसा लगता है कि सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को किसी का खौफ नहीं है जिनके लिए पैसा ही सब कुछ रह गया है। गांव भगवंतपुर निवासी किसान जरनैल सिंह ने बताया कि उनकी खादर क्षेत्र के गांव भगवंतपुर-कुतुबपुर में कई बीघा कृषि भूमि है। पीड़ित किसान जरनैल सिंह की खेती की जमीन के चक अलग-अलग स्थान पर थे जिनको एक स्थान और जगह को पूरी करने के लिए उन्होंने चकबंदी कार्यालय में प्रार्थना पत्र दिया था। पीड़ित किसान का कहना है कि सहायक चकबंदी अधिकारी जयवीर सिंह कई दिनों तक टालमटोल करता रहा। कुछ दिन बाद उसने एक लाख रुपए की रिश्वत मांगी और कहा कि पीड़ित किसान के अनुसार ही कार्य कर दिया जाएगा। ऐसे में जरनैल सिंह ने एंटी करप्शन टीम को मामले से अवगत कराया। टीम ने आरोपी रिश्वतखोर एसीओ को रंगे हाथों दबोचने के लिए जाल बिछाया।
निरीक्षक अर्चना सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई जो मंगलवार की सुबह 8:00 बजे खेतों में पहुंच गई। संभावना है कि आरोपी को टीम की भनक लग चुकी थी जिस कारण वह सुबह से ही टीम और किसान को लगातार चकमा दे रहा था। शाम करीब 6:30 बजे जयवीर सिंह किसान के पास पहुंचा और उसने ₹40,000 की रिश्वत थाम ली। बस फिर क्या था? टीम ने उसे दबोच लिया तो रिश्वतखोर पसीना-पसीना हो गया। एंटी करप्शन टीम द्वारा आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया और उसे गिरफ्तार कर लिया।
गाय व भैंस के दूध का शुद्ध घी खरीदने के लिए संपर्क करें: 9068607739


























