हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर के अल्लाहबक्शपुर में स्थित टोल प्लाजा पर टोल कर्मियों की दबंगई सामने आई जहां एक दर्जन से अधिक दबंगों ने टोल पर लगी लंबी कतार की शिकायत करने पर बस चालक को बेरहमी से पीटा। बस चालक खून से लथपथ टोल टैक्स पर गिर गया। मामले की जानकारी मिलने पर एंबुलेंस पहुंची जिसने घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
मामला शुक्रवार का है जब एक बस चालक सूरज श्रद्धालुओं से भरी बस को लेकर सोनीपत के जलालपुर से गढ़मुक्तेश्वर के बृजघाट जा रहा था। 45 श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए ब्रजघाट जा रहे थे लेकिन जैसे ही बस अल्लाहबख्शपुर स्थित टोल प्लाजा पर पहुंची तो बस चालक को करीब 10 मिनट तक खड़ा रहना पड़ा। लंबी कतार की शिकायत जब बस चालक सूरज ने की टोल कर्मियों का गुस्सा उफान पर आ गया और करीब एक दर्जन से अधिक दबंगों ने मिलकर बस चालक को नीचे उतारकर लाठी-डंडों से उसकी पिटाई कर दी जिससे वह बुरी तरीके से घायल हो गया।
मामले की जानकारी मिलने पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। बताया जा रहा है कि सारी घटना टोल टैक्स के कैमरे में कैद हो गई। तहरीर के आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है।
























