हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : बहन और भाई के परस्पर स्नेह का प्रतीक रक्षाबंधन का त्यौहार गुरुवार को हापुड़ में धूमधाम व परंपरागत ढंग से हर्षोल्लास के साथ मनाया गया तथा बहनों व भाइयों ने बाजारों में जमकर खरीददारी की जिस कारण बाजारों में मिठाई व उपहार की दुकानों पर भारी पड़ी देखी गई। बसों के अभाव में यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और चौराहों पर भीड़ रही। सड़कों पर वाहनों के आवागमन के कारण अनके स्थानों पर यातायात जाम रहा। मकानों की छतों पर युवक-युवतियों, बच्चों व बुजुर्गो ने जमकर पतंगबाजी की।
परस्पर स्नेह के प्रतीक रक्षाबंधन पर्व को मनाने हेतु भाई-बहन में विशेष उत्साह देखा गया। बहनों ने भाइयों को आकर्षक राखियां बांधकर मुख मीठा किया और रक्षा का संकल्प दिलाया। यह पर्व घर-घर मनाया गया। अनेक ब्राह्मणों ने यजमानों के घर पहुंचकर राखी बांधी।
ब्रह्मकुमारी बहनों ने भी गणमान्य लोगों के घर जाकर रक्षा सूत्र बांधे और रक्षाबंधन पर्व के महत्व पर प्रकाश डाला। यहां मंडी में विशेष मेला आयोजित किया गया, जहां नवविवाहित युवकों व प्रथम बार पुत्र रत्न प्राप्त करने वाले परिवारजनों ने निशान चढ़ाकर परिवार में सुख शांति व उन्नति की कामना की।
Modular Kitchen बनवाने के लिए कॉल करें: 9582002050

























