
अस्पताल परिसर में बेखौफ मनचले! किशोरी को बनाया निशाना, लोगों ने पकड़कर सिखाया सबक
हापुड़, सीमन(ehapurnews.com):जनपद हापुड़ स्थित जिला संयुक्त चिकित्सालय से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली खबर सामने आई है। दस्तौई रोड पर बने अस्पताल परिसर के पार्क में शनिवार दोपहर दो युवकों ने एक किशोरी से छेड़छाड़ की।
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित किशोरी अपने परिजनों के साथ अस्पताल आई थी। दोपहर करीब 2 बजे जब वह पार्क में अपने परिजनों से थोड़ी दूरी पर बैठी थी, तभी दोनों आरोपी वहां पहुंचे और अभद्रता करने लगे। किशोरी के शोर मचाते ही परिजन और आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे।
लोगों को आता देख एक आरोपी तो मौके से फरार होने में कामयाब रहा, लेकिन दूसरा युवक पकड़ा गया। गुस्साई भीड़ ने उसकी धुनाई कर दी। मामले के बाद आरोपी अपनी गलती मानते हुए माफी मांगने लगा, जिसका वीडियो अब इंटरनेट मीडिया पर जमकर प्रसारित हो रहा है।
मामले पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर हेमलता सिंह ने बताया कि वह दोपहर में निरीक्षण पर थीं, तभी उन्हें इस घटना की जानकारी मिली। उन्होंने तुरंत पुलिस बुलाने के निर्देश दिए, लेकिन इससे पहले ही परिजन आरोपी को अस्पताल से बाहर ले गए थे। प्रशासन ने अस्पताल परिसर में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कड़े निर्देश जारी किए हैं।
Admission open (2026-27)
S.A International School
Call- 9258003065
Email-id stasfee.internationalschool@gmail.com

























