
धौलाना इंडस्ट्रियल एरिया में बेखौफ चोर: दिनदहाड़े बाइक सवार उड़ा ले गए भारी लोहे का गेट!
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):हापुड़ के धौलाना क्षेत्र स्थित मसूरी-गुलावठी रोड औद्योगिक क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े एक फैक्ट्री के बाहर रखा भारी-भरकम लोहे का गेट पार कर दिया। यह पूरी वारदात फैक्ट्री के बाहर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो चुकी है।
मामला धौलाना औद्योगिक क्षेत्र का है। कूलिंग फैब्रिकेशन का काम करने वाले उद्यमी सुदीप चौधरी के अनुसार, नाली निर्माण का काम चलने के कारण फैक्ट्री का लोहे का गेट बाहर रखा हुआ था। सोमवार दोपहर करीब दो बाइक सवार युवक वहां पहुंचे और बड़ी आसानी से भारी गेट को उठाकर बाइक पर लादकर रफूचक्कर हो गए।
स्थानीय उद्यमियों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी क्षेत्र की कई फैक्ट्रियों के बाहर से लोहे के गेट चोरी हो चुके हैं। लगातार हो रही इन चोरी की वारदातों से उद्योगपतियों में डर और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
वहीं इस मामले में सीओ पिलखुवा मुनीश चंद्र का कहना है कि प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दिल्ली की डॉ शूची तनेजा दुआ अब हापुड़ शहर में: 70177 32103 || फ्री गंज रोड, हापुड़






















