
ट्रांसफार्मर पर चढ़े संविदा कर्मी को लगा करंट, मेरठ रेफर
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):जनपज हापुड़ के बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आ रही है। करीमपुर गांव में बिजली का काम करने गए ऊर्जा निगम के एक संविदा कर्मी हाईटेंशन लाइन के करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए हैं। पीड़ित की नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें तुरंत मेरठ रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के अल्लाबख्शपुर गांव निवासी बुद्ध कुमार ऊर्जा निगम में बतौर संविदा कर्मी कार्यरत हैं। सोमवार दोपहर वे करीमपुर गांव के जंगल में लगे ट्रांसफार्मर की 11 हजार वोल्ट की लाइन ठीक करने गए थे।
परिजनों और स्थानीय लोगों का कहना है कि काम शुरू करने से पहले बाकायदा शटडाउन लिया गया था। लेकिन जैसे ही बुद्ध कुमार तार जोड़ने के लिए ट्रांसफार्मर पर चढ़े, अचानक लाइन में तेज करंट प्रवाहित हो गया। झटके के साथ वे सीधे जमीन पर आ गिरे।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत ऊर्जा निगम के अधिकारियों को सूचना दी और पीड़ित को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें मेरठ रेफर कर दिया।
शटडाउन के बाद भी लाइन में करंट आ जाना, ऊर्जा निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। मामले को लेकर एसडीओ संजय कुमार का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एलर्जी, चर्म रोग, गुप्त रोग की पीड़ित महिलाएं अब रविवार को भी डॉ. रुचिका गुप्ता से ले सकेंगी परामर्श: 8979824365






















