
ब्रजघाट: ऑटो चालक ने साथियों संग मिलकर दंपति को पीटा, हाइवे पर फेंका, महिला की हालत गंभीर
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना गढ़मुक्तेश्वर के ब्रजघाट से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ किराए के विवाद को लेकर एक ऑटो चालक ने अपने साथियों के साथ मिलकर पति-पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने दंपति को बुरी तरह पीटने के बाद उन्हें गंभीर हालत में हाइवे के किनारे फेंक दिया और मौके से फरार हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, गढ़मुक्तेश्वर की महावीर कॉलोनी के रहने वाले दीपक शनिवार देर रात करीब 12 बजे अपनी पत्नी गुड़िया और बेटे के साथ तीर्थ नगरी ब्रजघाट से अपने घर लौट रहे थे। वापसी के दौरान वे एक ऑटो में सवार हुए, जहाँ किसी बात को लेकर ऑटो चालक और दंपति के बीच तीखी नोकझोंक और विवाद हो गया।
विवाद इतना बढ़ गया कि ऑटो चालक ने अपने अन्य साथियों को भी बुला लिया। इसके बाद उन सभी ने मिलकर दंपति पर हमला बोल दिया और उन्हें लहूलुहान कर हाइवे के किनारे फेंककर ऑटो लेकर फरार हो गए।
घटना के दौरान वहां से गुजर रहे कुछ राहगीरों की नजर हाइवे पर पड़े घायल दंपति पर पड़ी, जिन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया।
यहाँ डॉक्टरों ने महिला (गुड़िया) की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए मेरठ रेफर कर दिया है। इस पूरे मामले पर चौकी प्रभारी अंकित कुमार का कहना है कि शुरुआती जांच में पूरा विवाद किराए को लेकर सामने आया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




















