
आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं एवं विभाग के लाभार्थियों को सम्मानित किया
हापुड़,सूवि(ehapurnews.com): मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा जनपद अयोध्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं एवं महिला कल्याण विभाग के लाभार्थियों हेतु सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसका जनपद हापुड़ के कलेक्ट्रेट सभागार में भी सजीव प्रसारण किया गया। इसी क्रम में जनपद स्तर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा प्रतिभाग किया गया।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को सम्मानित किया गया। सैम श्रेणी के बच्चों को सामान्य श्रेणी में लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को भी सम्मानित किया गया। इसके साथ ही लाभार्थियों को पोषण किट का वितरण किया गया तथा गर्भवती महिलाओं का गोदभराई कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि की घोषणा की गई, जिसके अंतर्गत आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय ₹12,000 प्रतिमाह तथा आंगनबाड़ी सहायिकाओं का मानदेय ₹6,000 प्रतिमाह किया गया।
कार्यक्रम में महिलाओं एवं बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं कल्याण के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम में विधायक धौलाना धर्मेश तोमर, सांसद प्रतिनिधि सहित जिलाधिकारी श्रीमती कविता मीना, मुख्य विकास अधिकारी सुश्री श्रुति शर्मा एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी तथा संबंधित अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।
Admission open (2026-27)
S.A International School
Call- 9258003065
Email-id stasfee.internationalschool@gmail.com


















