
दहेज की मांग को लेकर विवाहिता से मारपीट, गला घोंटने की कोशिश का आरोप
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ के सिंभावली थाना क्षेत्र के हिम्मतपुर गांव में विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज को लेकर प्रताड़ित करने और जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाया है। पीड़िता तनु ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी जुलाई 2019 में सतवीर के साथ हुई थी और उनका चार वर्षीय बेटा भी है।
तनु का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद पति, सास, ससुर और जेठ दहेज की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट करने लगे। पीड़िता के मुताबिक पति शराब पीने के साथ जुआ भी खेलता है और घर के खर्च में सहयोग नहीं करता।
आरोप है कि सितंबर की सुबह पति और सास ने उसके साथ मारपीट की और गला दबाकर जान लेने का प्रयास किया। किसी तरह वहां से बचकर वह सिंभावली थाने पहुंची और पुलिस को घटना की जानकारी दी, लेकिन कार्रवाई न होने पर उसने अधिकारियों से भी शिकायत की।
सीओ दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि डीएम के आदेश पर महिला थाना पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Brainwaves International School: Admissions Open 2026-27 (Playgroup – Grade XI)





















