
जनपद हापुड़ के युवक ने बिहार की नाबालिगा से की शादी, किशोरी प्रेमी के साथ सात फीट ऊंची दीवार कूद कर भागी
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के कपूरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला युवक बिहार की 16 वर्षीय किशोरी से शादी कर उसे हापुड़ ले आया। बताया जा रहा है कि कुछ दिन बाद उसे मेरठ में आयोजित एक कार्यक्रम का हवाला देकर वहां रखा गया। इसी दौरान किशोरी ने बिहार के पूर्णिया जिले में घर के पास रहने वाले अपने प्रेमी को फोन कर लोकेशन भेजकर बुला लिया। सोमवार को प्रेमी के साथ जाने के लिए किशोरी ने करीब सात फीट ऊंची दीवार कूदकर निकलने की कोशिश की और वह प्रेमी के साथ फरार हो गई।
दोनों मेरठ से ऑटो में बैठकर हापुड़ रेलवे स्टेशन पहुंचे। ऑटो चालक को उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं तो उसने जीआरपी को सूचना दे दी। पुलिस के पहुंचते ही युवक किशोरी को छोड़कर फरार हो गया, जबकि पुलिस ने किशोरी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में किशोरी ने बताया कि वह अपने दोस्त के साथ बिहार जाने के लिए निकली थी।
जांच में उसकी उम्र करीब 16 वर्ष सामने आई है। नाबालिग होने के कारण पुलिस ने किशोरी को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया, जहां से उसे बालिका संरक्षण गृह भेजने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, आरोपी युवक की तलाश के लिए पुलिस टीम बिहार भेजी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
दिल्ली की डॉ शूची तनेजा दुआ अब हापुड़ शहर में: 70177 32103 || फ्री गंज रोड, हापुड़




















