
अस्पताल से चढ़कर मकान में घुसा चोर, जाग होने पर छत के रास्ते हुआ फरार
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ में चोरी की एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। नगर कोतवाली क्षेत्र के तगासराय गेट के सामने रविवार देर रात एक चोर जर्जर अस्पताल की छत के रास्ते एक मकान में घुस गया। चोर ने घर में चोरी का प्रयास किया, लेकिन परिवार के जाग जाने पर उसे भागना पड़ा।
जानकारी के अनुसार तगासराय निवासी प्रवीण यादव अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। बताया जा रहा है कि चोर ने पहले घर के बाहर वाले कमरे की कुंडी बाहर से लगा दी और फिर पास स्थित जर्जर अस्पताल से होकर छत के रास्ते मकान में प्रवेश कर गया। इसके बाद वह घर में चोरी की वारदात को अंजाम देने की कोशिश करने लगा।
इसी दौरान पानी पीने के लिए उठी परिवार की एक युवती की नजर चोर पर पड़ गई। उसने तुरंत इसकी जानकारी अपनी मां को दी। मां ने साहस दिखाते हुए चोर को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन शोर सुनकर आरोपी छत के रास्ते फरार हो गया।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जर्जर भवन असामाजिक तत्वों का अड्डा बनते जा रहे हैं, जिससे सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
वहीं, नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि अभी तक इस मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
“द रेमंड शॉप” दे रहे हैं रेडीमेड कलेक्शन पर 50% तक की विशेष छूट: 9149331926



















