
हापुड, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ की गढ़ रोड स्थित साकेत कॉलोनी निवासी एक विवाहिता ने अपने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले होटल खोलने के लिए 25 लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ आए दिन मारपीट और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।
पीड़िता शालिनी के अनुसार, उसका विवाह 2 मार्च 2025 को मेरठ निवासी भूपेंद्र चौधरी के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी में उसके पिता ने करीब 32 लाख रुपये खर्च किए थे। इसके बावजूद विवाह के बाद ससुराल पक्ष ने होटल खोलने के लिए 25 लाख रुपये और लाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। शालिनी का आरोप है कि रुपये नहीं देने पर उसके साथ लात-घूंसों और डंडों से कई बार मारपीट की गई। पीड़िता ने फरवरी 2026 की एक घटना का भी आरोप लगाया है। उसके मुताबिक, ससुराल वालों ने किसी व्यक्ति को बुलाकर उसे बच्चा होने का इंजेक्शन बताकर इंजेक्शन लगवाया, जिसके बाद वह बेहोश हो गई। होश आने पर उसके पूरे शरीर में तेज खुजली होने लगी। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने उसका इलाज तक नहीं कराया। करीब 15 दिन तक परेशानी झेलने के बाद पीड़िता ने अपने पिता को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद पिता और भाई उसे अस्पताल लेकर पहुंचे और भर्ती कराया। पीड़िता के मुताबिक, अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान ससुराल पक्ष का कोई व्यक्ति उसका हाल जानने तक नहीं आया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि 17 जुलाई को मायके पहुंचकर भी आरोपितों ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। आरोप है कि वहां पहुंचकर चुन्नी से उसका गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया गया। परिजनों ने किसी तरह बीच-बचाव कर उसकी जान बचाई। विवाहिता का यह भी आरोप है कि उसका पूरा स्त्रीधन अभी भी ससुराल पक्ष के कब्जे में है और उसे खुर्द-बुर्द किए जाने की आशंका है। मामले में महिला थाना पुलिस ने पति समेत तीन आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



















