हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : पिलखुवा में आज भी कुछ इलाके ऐसे हैं जो कि मूलभूत सुविधाओं से दूर हैं। कागजों में विकास दिखाकर खुद का नाम रोशन करने वाले इन सड़कों को पूरी तरह रोशनी नहीं दे पाए हैं। लापरवाही का खामियाजा इन क्षेत्रवासियों को भुगतना पड़ रहा है। पथ प्रकाश की उचित व्यवस्था न होने से पिलखुवा का अर्जुन नगर अंधकार की दहलीज पर खड़ा है। मोदीनगर रोड पर भी हादसे हो जाते हैं। सड़क पर लगी स्ट्रीट लाइटें खराब हैं जिससे लोग बेहद परेशान हैं। कई बार स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग को मामले मामले से अवगत कराया लेकिन कुछ खास कदम नहीं उठाया गया जिसके चलते लोगों में बेहद नाराजगी है। क्षेत्र में विकास इस तरीके से किया गया है कि उसे बल्लियों का सहारा लेना पड़ रहा है। पिलखुवा के अर्जुन नगर और आसपास के क्षेत्र में बिजली के खंभो की जगह बल्लियों के सहारे यहां से तार गुजर रहे हैं। स्ट्रीट लाइटों को घरों पर टांगा हुआ है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि विकास की असली तस्वीर क्या है? पिलखुवा के अर्जुन नगर के लोगों में इस दौरान बेहद गुस्सा है। उन्होंने जिम्मेदारों को जमकर कोसा। उनका कहना है कि यदि विभाग उनकी समस्याओं को नहीं सुनेंगे तो वह आंदोलन करेंगे।























