हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : अपराधियों को मुंह तोड़ जवाब देने वाली हापुड़ पुलिस का एक मददगार चेहरा सामने आया है जहां कपूरपुर थाना प्रभारी निरीक्षक ने खराब गाड़ी में दो लोगों की मदद की रस्से की सहायता से गाड़ी बांधकर मिस्त्री की दुकान तक पहुंचाई। दरअसल दो व्यक्ति कार में सवार होकर बुलंदशहर से गाजियाबाद के मुरादनगर जा रहे थे कि तभी अचानक हाईवे (फ़्लाईओवर) पर गाड़ी खराब हो गई। सुनसान जगह पर गाड़ी खराब होने से दोनों काफी चिंतित हो उठे। तभी मौके से प्रभारी निरीक्षक कपूरपुर सुरेन्द्र सिंह ने रुककर उनकी समस्या पूछी तो पता चला कि गाड़ी स्टार्ट नहीं हो रही। ऐसे में प्रभारी निरीक्षक ने थाना मोबाइल से गाड़ी (पिकअप) को बांधकर मिस्त्री की दुकान तक पहुंचाया। मिस्त्री दुकान पर न मिलने पर पुलिसकर्मियों द्वारा स्वयं मिस्त्री के घर से बुलाकर गाड़ी को ठीक कराया गया तथा गाड़ी ठीक होने के उपरांत सकुशल उनके गंतव्य स्थान के लिए रवाना किया।




























