हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : हापुड़ में एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें देखा जा सकता है कि किस प्रकार खुले फाटक से ट्रेन गुजर रही है. ऐसे में कभी भी हादसा हो सकता है और हादसा इतना बड़ा जिसका अनुमान लगाना ही असंभव है. तेजी से वायरल हो रही इस वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि यह हापुड़ के फाटक संख्या सी-76 प्रीत विहार की है जहां श्याम नगर जाने वाले रास्ते का फाटक खुला रह गया और ट्रेन फर्राटा भरते हुए रेलवे ट्रैक से गुजर गई. वीडियो को यदि गौर से देखा जाए तो इसमें आपको समय और तारीख भी नजर आएगी जिसमें शनिवार की रात 11:59 मिनट का समय और तारीख लिखी हुई है. यह वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रही है. वायरल वीडियो अपने आप में यह बताने के लिए काफी है कि रेलवे विभाग के अधिकारी और कर्मचारी किस तरह लापरवाही बरत रहे हैं जिसका खामियाजा मौके से गुजर रहे लोगों को भुगतना पड़ सकता था. यदि राहगीर सतर्कता नहीं दिखाते तो ऐसे में एक बड़ा हादसा हो सकता था. रेलवे विभाग की इस लापरवाही को लेकर लोगों में गुस्सा बढ़ता जा रहा है जिनका कहना है इस तरह की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं है. लापरवाह गेटमैन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए.
























