
पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय बाबूगढ़ के छात्रों ने चलाया स्वच्छता अभियान
हापुड़, सीमन/अमित कुमार (ehapurnews.com): थाना बाबूगढ़ क्षेत्र स्थित पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय ईबीएस बाबूगढ़ छावनी के प्राचार्य दीपक कुमार के नेतृत्व में स्वच्छ भारत अभियान के तहत गोवर्धन कॉलोनी में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान का शुभारंभ प्राचार्य द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया।
इस दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने हाथों में स्वच्छता संबंधी संदेश लिए गोवर्धन कॉलोनी में जागरूकता रैली निकाली और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। बच्चों ने “कूड़ा इधर-उधर न फैलाएं”, “स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत”, “अपने आसपास सफाई रखें” जैसे नारों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया।
अभियान के दौरान छात्रों ने कॉलोनी में सफाई कार्य भी किया तथा लोगों को अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय की ओर से बच्चों को मास्क और ग्लव्स उपलब्ध कराए गए, जिससे वे सुरक्षित तरीके से सफाई अभियान में भाग ले सकें।
कार्यक्रम में गोवर्धन कॉलोनी के निवासी भी उपस्थित रहे और उन्होंने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं भी मौजूद रहे और उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
प्राचार्य दीपक कुमार ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। सभी को मिलकर स्वच्छ और सुंदर भारत के निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए।
Brainwaves International School: Admissions Open 2026-27 (Playgroup – Grade XI)





















