हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : राष्ट्रीय परिवर्तन मोर्चा, बहुजन क्रांति मोर्चा व भारत मुक्ति मार्चा के आह्वान पर शनिवार को हापुड़ में बड़ी संख्या में महिलाओं, पुरुषों व बच्चों ने गढ़ रोड पर स्थित कविनगर के निकट धरना देकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी हाथों में तख्तियां लिए थे जिन पर नूपुर शर्मा व नवीन जिंदल को गिरफ्तारी करने की मांग के स्लोगन लिखे।
संगठन की प्रवक्ता गीता पैट्रिक ने आरोप लगाया कि देश में सत्तारुढ़ दल साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने पर लगा है। उनकी प्रमुख मांग है कि पैगम्बर साहब पर अभद्र टिप्पणी करने के आरोपी नूपुर शर्मा व नवीन जिंदल को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। देश में महंगाई को नियंत्रित कर नौजवानों के लिए शिक्षा व रोजगार उपलब्ध कराया जाए।
धरना स्थल पर ज्ञापन लेने पहुंचे एसडीएम दिग्विजय सिंह को प्रदर्शनकारियों ने ज्ञापन नहीं दिया और उन्होंने एसडीएम को वापिस लौटा दिया। मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार को प्रदर्शनकारियों ने मांग के समर्थन में ज्ञापन दिया। इस मौके पर बबलू गौतम, गीता पैट्रिक, वीर सिंह, लक्ष्मी, रेखा, सुमन सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।

























