हापुड़,सीमन (ehapurnews.com): भवन बचाओ संघर्ष समिति का एक प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पंचमतल, लोक भवन लखनऊ स्थित उनके कार्यालय पर शुक्रवार की सुबह मिला जिसमें हापुड़-पिलखुआ विकास प्राधिकरण द्वारा आनंद विहार आवासीय योजना के अंतर्गत अनाधिकृत रूप से अधिग्रहण किए गए व्यवसायिक व औद्योगिक भवनों के विकास में अवगत कराया। इस पूरे प्रकरण को संज्ञान में लेकर मुख्यमंत्री ने आश्चर्य एवं रोष व्यक्त करते हुए कहा कि प्राधिकरण पूर्व में बने हुए भवनों को अधिग्रहण नहीं कर सकता तथा साथ ही मेरठ मंडल के कमिश्नर को आदेश दिया कि अवैध रूप से अधिग्रहित किए गए भवनों के प्रकरण का शीघ्र-अतिशीघ्र निस्तारण किया जाए, अन्यथा दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। भवन बचाओ संघर्ष समिति ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। प्रतिनिधिमंडल में समिति के प्रधान ललित कुमार छावनी वाले, मंत्री सुनील कुमार अग्रवाल, संयोजक सागर त्यागी एवं मनोज गोयल उपस्थित थे।



























