
दो सिपाहियों के परिवार आपस में भिड़े
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना देहात क्षेत्र में रास्ते में बाइक खड़ी करने को लेकर दो सिपाहियों के परिवार आपस में भिड़ गए। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट और पथराव हुआ, जिसमें एक सिपाही और उसका छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना गढ़ रोड पर स्थित भीममनगर चौकी से चंद कदमों की दूरी पर बने मोहल्ला अंबेडकरनगर की है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, इस मोहल्ले में यूपी पुलिस में तैनात दो सिपाही रहते हैं। मंगलवार की रात किसी बात पर रास्ते में बाइक खड़ी करने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। बात इतनी बढ़ी कि दोनों पक्षों के परिवार आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई।
आरोप है कि इस दौरान एक पक्ष की तरफ से पथराव भी किया गया। इस खूनी संघर्ष और पथराव में एक पक्ष के सिपाही और उसके छोटे भाई को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद पुलिस ने दोनों घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया।
इस पूरे मामले पर सीओ दीपक चतुर्वेदी ने जानकारी दी है कि दोनों पक्षों ने बाद में आपसी सहमति से थाने में बैठकर समझौता कर लिया है। दोनों ही पक्ष एक-दूजे के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते हैं, जिसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को सख्त चेतावनी देकर मामले को शांत करा दिया है।
कैलकुलेटर से भी तेज दौड़ेगा दिमाग, सीखें अबेकस (Abacus) व वैदिक मैथ्स (Vedic Maths) 9219237480



























