
सड़क पुनर्स्थापन कार्य 15 नवम्बर तक पूर्ण करने के निर्देश
हापुड़,,सूवि(EHAPURNEWS.COM): जल जीवन मिशन कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित ‘हर घर जल योजना’ की प्रगति की समीक्षा हेतु 29 अक्टूबर 2026 को जिलाधिकारी, हापुड़ की अध्यक्षता में संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी फर्म के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जनपद में संचालित कुल 200 पेयजल योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। अवगत कराया गया कि अब तक 76 पेयजल योजनाओं का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। शेष योजनाओं में प्रगति लाते हुए माह दिसम्बर 2026 तक कुल 100 पेयजल योजनाओं का कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिलाधिकारी महोदया ने निर्देशित किया कि शेष सभी पेयजल योजनाओं के निर्माण एवं अन्य अवशेष कार्यों को निर्धारित समयसीमा के अंतर्गत मार्च 2027 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कराया जाए।
जिलाधिकारी ने पाइपलाइन बिछाए जाने के उपरांत क्षतिग्रस्त सड़कों के पुनर्स्थापन कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने के निर्देश देते हुए कहा कि जनपद के सभी संबंधित ग्रामों में 15 नवम्बर 2026 तक सड़क पुनर्स्थापन का कार्य पूर्ण कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा संबंधित अधिकारी एवं कार्यदायी फर्म नियमित रूप से कार्यों की प्रगति की निगरानी करें।
सड़क पुनर्स्थापन से संबंधित समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से आमजन से ‘जल सारथी ऐप’ डाउनलोड कर अपनी शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई, ताकि प्राप्त शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
जिलाधिकारी ने कार्यदायी फर्म को निर्देशित किया कि जिन ग्रामों में नियमित पेयजलापूर्ति की जा रही है, वहां शत प्रतिशत क्लोरीनेशन सुनिश्चित करते हुए-सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति की जाए। पेयजल की गुणवत्ता बनाए रखने तथा जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए आवश्यक कार्रवाई नियमित रूप से किए जाने पर भी बल दिया गया।
जल जीवन मिशन का उद्देश्य प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। इस दिशा में सभी संबंधित विभागों एवं कार्यदायी संस्थाओं को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, हापुड़ श्रीमती श्रुति शर्मा, अधिशासी अभियन्ता श्री पंकज, सहायक अभियन्ता श्री पिन्टू मौर्य, जूनियर इंजीनियर श्री अनुज सांगवान एवं श्री राजकुमार, जल निगम (ग्रामीण), हापुड़ के अधिकारीगण, डी०पी०एम०यू० टीम, टी०पी०आई० टीम तथा कार्यदायी फर्म के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
दिल्ली की डॉ शूची तनेजा दुआ अब हापुड़ शहर में: 70177 32103 || फ्री गंज रोड, हापुड़



























