
9 करोड़ के घोटाले में अब वसूली की तैयारी, गन्ना समिति के पूर्व सचिव बर्खास्त
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):जहां गन्ना सहकारी समिति में हुए करोड़ों रुपए के घोटाले के मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तत्कालीन सचिव को पद से बर्खास्त कर दिया गया है.
हापुड़ गन्ना सहकारी समिति में सामने आए करीब 9 करोड़ रुपए के वित्तीय घोटाले में शासन ने तत्कालीन सचिव मनोज कुमार को सेवा से बर्खास्त कर दिया है. आपको बता दें कि यह मामला पिछले साल मई में समिति के खातों की जांच के दौरान सामने आया था, जिसमें करोड़ों रुपए की अनियमितताएं पाई गई थीं. जांच में पूर्व सचिव मनोज कुमार सहित कई लोगों की भूमिका संदिग्ध पाई गई थी.
इस घोटाले के सामने आने के बाद पहले ही अन्य आरोपियों को निलंबित किया जा चुका था और एक लिपिक की सेवाएं समाप्त कर दी गई थीं. खबर है कि इस भ्रष्टाचार के मामले में समिति के लेखाकार के साथ उनकी पत्नी और बहन को भी आरोपी बनाया गया है. अब शासन द्वारा तत्कालीन सचिव मनोज कुमार की बर्खास्तगी के बाद इस मामले में और भी कड़ी कार्रवाई की उम्मीद है.
समिति के चेयरमैन कुणाल चौधरी के अनुसार, उन्होंने इस मामले में शासन स्तर पर गंभीरता से पैरवी की, जिसके बाद अब पूर्व सचिव मनोज कुमार को बर्खास्त किया गया है. उन्होंने कहा कि अब शासन का अगला कदम घोटाले की कुल रकम, जो करीब 9 करोड़ रुपए है, उसे वसूल करने के लिए प्रयास करना होगा।
हापुड़ की विश्वसनीय कपड़ों की दुकान “रामदास मोहनलाल माहेश्वरी बजाज” से खरीदें लहंगा, लेडीज सूट, डिजाइनर साड़ियां, स्टॉल, ज्वेलरी बहुत कुछ: 9927870069



























