
बाबूगढ़: अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए गढ़ जा रहे तीन बाइक सवारों की सड़क हादसे में मौत
हापुड़, सीमन/ अमित कुमार (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के बाबूगढ़ के NH-9 पर मंगलवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के शाहपुर जट गांव के पास हुआ, जहां हाईवे किनारे खड़ी पिकअप में पीछे से बाइक जा टकराई। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो घायलों ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
दरअसल, मंगलवार की दोपहर करीब एक बजे बाबूगढ़ थाना पुलिस को NH-9 पर सड़क हादसे की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि बाइक पर सवार तीनों लोग गाजियाबाद के नंदग्राम के रहने वाले थे।
मृतकों की पहचान गोविंद, उम्र 35 वर्ष, रवि, उम्र 37 वर्ष और ब्रजेश, उम्र 45 वर्ष के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों बाइक से गढ़ गंगा में अपने मकान मालिक के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान शाहपुर जट गांव के पास हाईवे किनारे खड़ी पिकअप में उनकी बाइक पीछे से टकरा गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि एक व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल दो अन्य लोगों को तत्काल सीएचसी हापुड़ पहुंचाया गया। हालांकि, उपचार के दौरान दोनों की भी मौत हो गई।
हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से हटवाने की कार्रवाई की। बाबूगढ़ थाना पुलिस मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में शोक की लहर है।
हापुड़: पायल डिजाइनर कलेक्शन से होलसेल दामों पर खरीदे लेडीज़ कलेक्शन: 7417105068
























