
शराब का ठेका हटवा कर ही दम लेंगी महिलाएं
हापुड़, सीमन/अशोक तोमर(ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना हापुड़ देहात के अंतर्गत गढ़ रोड पर स्थित फ्लाईओवर के नीचे शराब का एक ऐसा ठेका खुला है जिससे आसपास के इलाके की महिलाएं व बुजुर्ग परेशान हैं। महिलाएं शराब के ठेके को मौजूदा स्थान से हटाकर किसी दूसरे स्थान पर स्थापित करने की मांग कर रही हैं। शराब के ठेके के प्रति महिलाओं में पनप रहा गुस्सा कभी भी लावा बनकर फूट सकता है, फिलहाल महिलाएं शराब के ठेके के विरोध में प्रदर्शन कर अपना गुस्सा जाहिर कर चुकी है।
महिलाओं का आरोप है की मेहनत मजदूरी करके चंद पैसे कमाने वाला मजदूर दिन भर की खून पसीने की कमाई को ठेके पर गवा देता है और घर खाली हाथ लौटता है जिस वजह से परिवार का खर्च चलना भी दूभर हो रहा है। शराब के पियक्कड़ शराब पीकर झूमते हुए सड़क पर चलते हुए उधर से निकल रही महिलाओं पर फब्तियां कसते हैं जिस वजह से उधर से बालिकाओं व महिलाओं का उधर से निकलना मुश्किल हो जाता है। शराब के ठेका संचालक पर यह भी आरोप है कि ठेके पर बेवक्त भी शराब बिकती रहती है।
महिलाओं का कहना है कि उन्होंने तय कर लिया है कि अब वह शराब का ठेका हटवा कर ही दम लेंगे भले ही उन्हें भूख हड़ताल, आंदोलन का सहारा क्यों न लेना पड़े।
होलसेल दामों पर खरीदें व बनवाएं कस्टमाईज़ड टाइल्स: 8449930105, 9837824010























