
एक दिन की DM बनी कक्षा 7 की छात्रा निधि ने सुनी समस्याएं
हापुड़, सीमन/ अमित कुमार (ehapurnews.com): मिशन शक्ति अभियान के तहत कक्षा 7 की छात्रा निधि को जनपद हापुड़ का एक दिन का जिलाधिकारी बनाया गया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों की कार्यशैली को समझा और जन समस्याएं सुनी। साथ ही अपने विचार भी प्रस्तुत किए। इस दौरान हापुड़ की जिलाधिकारी कविता मीणा ने एक दिन की जिलाधिकारी कक्षा 7 की छात्रा निधि को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दी।
महिलाओं के सशक्तिकरण व उन्हें जागरूक करने के उद्देश्य से मिशन शक्ति अभियान चलाया जा रहा है जिसके तहत छात्राओं को भी जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की कक्षा 7 की छात्रा निधि को अनूठी पहल के तहत एक दिन का जिलाधिकारी बनाया गया। एक दिन की जिलाधिकारी बनी निधि ने बताया कि उन्हें जिलाधिकारी बनकर बहुत अच्छा लग रहा है। यदि वह डीएम बनती हैं तो वह अपने जनपद को व्यवस्थित व स्वच्छ रखेंगी और आदर्श जिला बनाने के लिए काम करेंगी।
जनपद हापुड़ की जिलाधिकारी कविता मीणा ने कहा कि यह सरकार की अच्छी योजना है जिससे बच्चों का बचपन में ही विश्वास बढ़ेगा, कॉन्फिडेंस आएगा। बच्चे अपने सपनों को भी साकार कर सकेंगे। उन्होंने निधि के उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। एक दिन की जिलाधिकारी निधि ने कलेक्ट्रेट पहुंचे फरियादियों की फरियाद को सुना।
दिल्ली की डॉ शूची तनेजा दुआ अब हापुड़ शहर में: 70177 32103 || फ्री गंज रोड, हापुड़






















