
हापुड सीएचसी पर 50 टीबी रोगियों को मिला पुष्टाहार
हापुड़,सूवि(ehapurnews.com): प्रधानमंत्री के टीबी मुक्त भारत के स्वप्न को साकार करने एवं शासन द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प माह के तहत बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गढ़ रोड, जनपद हापुड़ में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम जिलाधिकारी, हापुड़ के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी, हापुड़ के कुशल नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें शालोम चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा 50 चिन्हित क्षय रोगियों को पोषणयुक्त पुष्टाहार किट का वितरण किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला क्षय रोग अधिकारी राजेश सिंह द्वारा की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक श्रीमती श्वेता पुठिया ने कहा कि टीबी एक गंभीर बीमारी है, लेकिन सही इलाज, अच्छी पोषण व्यवस्था और सकारात्मक सोच से इसे पूरी तरह हराया जा सकता है। उन्होंने सभी रोगियों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की तथा शालोम चैरिटेबल ट्रस्ट के इस पुनीत एवं मानवीय प्रयास की मुक्त कंठ से सराहना की।
जिला क्षय रोग अधिकारी राजेश सिंह ने जानकारी दी कि जनपद को टीबी मुक्त बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग निरंतर प्रयासरत है और निक्षय मित्र के रूप में संस्थाओं का सहयोग अत्यंत सराहनीय है।
उल्लेखनीय है कि शालोम चैरिटेबल ट्रस्ट पिछले कई वर्षों से जनपद में टीबी रोगियों की सेवा में निरंतर संलग्न है। संस्था द्वारा न केवल पुष्टाहार वितरण बल्कि समय-समय पर नुक्कड़ नाटक, रैली एवं गोष्ठियों के माध्यम से जनपद में टीबी के प्रति जन-जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है, ताकि लोग इस बीमारी के लक्षणों को पहचान कर समय पर इलाज करा सकें।
कार्यक्रम के अंत में ट्रस्ट के अध्यक्ष अजीत सिंह ने उपस्थित सभी अधिकारियों, अतिथियों एवं सहयोगियों का हृदय से आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर संजय कुमार, अमित कुमार, नीरज कुमार, मोनू कुमार, प्रदीप कुमार, क्षमा सिंह, भारती, वंदना, सुनीता, बिंदु सहित सीएचसी का समस्त स्टाफ एवं ट्रस्ट के सदस्यगण उपस्थित रहे।
गाय व भैंस के दूध का शुद्ध घी खरीदने के लिए संपर्क करें: 9068607739






















