
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): सिंभावली थाना क्षेत्र के गांव अनूपपुर डिबाई निवासी दो कोल्हू संचालकों ने कामगार उपलब्ध कराने के नाम पर 1.80 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। पीड़ितों ने पुलिस को शिकायत देकर रकम वापस दिलाने और मामले में कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार, उन्होंने कोल्ड पर काम कराने के लिए कामगार उपलब्ध कराने को लेकर एक व्यक्ति से संपर्क किया था। आरोप है कि इसके बाद अलग-अलग तारीखों में उनसे कुल 1.80 लाख रुपये लिए गए। भुगतान से संबंधित वीडियो फुटेज भी सुरक्षित होने की बात पीड़ितों ने कही है।
पीड़ितों का आरोप है कि 14 सितंबर को कामगार भेजने की बात कही गई थी, लेकिन कामगार उपलब्ध नहीं कराए गए। दोपहर बाद फोन करने पर कुछ देर में कामगार भेजने का आश्वासन मिला, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी कोई नहीं पहुंचा। शाम करीब साढ़े तीन बजे फोन करने पर मोबाइल बंद मिला।
इसके बाद पीड़ितों ने मामले की शिकायत पुलिस से की और रकम वापस दिलाने के साथ उचित कार्रवाई की मांग की। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।




















