
हापुड़, सीमन / हर्ष त्यागी (ehapurnews.com): हापुड़ के रणजीत नगर व राजेन्द्र नगर कालोनी में बसे करीब 500 परिवारों को आने-जाने के लिए उचित रास्ता न मिलने से लोगों में रोष व्याप्त हैं। नागरिकों के समक्ष यह समस्या गत कई वर्षों से मुंह बाए खड़ी हैं और लोग जनप्रतिनिधियों के चक्कर काट-काट कर थक गए हैं। नागरिकों ने चेतावनी दी हैं कि यदि उन्हें उचित रास्ता नहीं दिया गया तो वे आगामी विधानसभा चुनाव में मतदान का बहिष्कार करेंगे।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में शनिवार को बड़ी तादाद में महिलाएं व पुरुष पहुंचे और उन्होंने बताया कि वे पहले शमशान मार्ग से होकर आते-जाते थे, परंतु अब यह मार्ग बंद कर देने से उन्हें तीन किलोमीटर अतिरिक्त चलना पड़ता हैं। जिससे स्कूल आने-जाने वाले छात्र भी परेशान हैं। राजेन्द्र नगर के लोगों ने उचित रास्ते की मांग को लेकर एक ज्ञापन जिलाधिकारी हापुड़ को दिया। उन्होंने कहा कि रास्ता न मिलने पर वे आगामी विधानसभा चुनाव में मतदान का बहिष्कार करेंगे। राजेन्द्र नगर के लोग पहले दिल्ली रोड पर स्थित बस स्टेन्ड के बराबर से शमशान घाट मार्ग से होकर जाते थे, परन्तु अब यह रास्ता बंद कर दिया गया हैं।




















