
मौत में शामिल होने जा रहे भाइयों को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, 17 वर्षीय किशोर की मौत
हापुड़, सीमन/ रियाज़ अहमद (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के कस्बा धौलाना के छोटा मोहल्ला निवासी दो सगे भाइयों की बाइक में सोमवार को थाना धौलाना क्षेत्र के गांव पिपलैड़ा में शाहजहां मस्जिद के पास मोड़ पर पीछे से आए अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 17 वर्षीय कामरान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका बड़ा भाई वसीम (35) गंभीर रूप से घायल हो गया। वसीम की हालत गंभीर बनी हुई है और वह वेंटिलेटर पर जिंदगी और मौत से जूझ रहा है।
बताया गया कि यूसुफ के पुत्र कामरान और वसीम बाइक से गाजियाबाद के शहीद नगर में एक व्यक्ति की मौत में शामिल होने और शोक व्यक्त करने जा रहे थे। पिपलैड़ा गांव में हादसा हो गया। टक्कर में कामरान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वसीम के सिर में गंभीर चोट आई। उसका एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन चल रहा है।
मृतक के बड़े भाई असीम ने रोते हुए बताया कि कामरान घर से निकलते समय उससे कहकर गया था, “भैया, मैं कल घर आ जाऊंगा।” असीम ने कहा कि उसे क्या पता था कि उसका भाई दोबारा घर लौटकर नहीं आएगा। घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
हादसे की सूचना पर समाजसेवी अंकित गौतम मौके पर पहुंचे और घायल वसीम को उपचार के लिए पिपलैड़ा स्थित न्यू लाइफ हॉस्पिटल पहुंचाने में मदद की। वहीं पूर्व विधायक असलम चौधरी भी अस्पताल पहुंचकर घायल का हालचाल लेने पहुंचे। पूर्व प्रधान इदरीश मलिक ने परिजनों को इस दुख की घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
थाना प्रभारी अवनीश शर्मा ने बताया कि हादसे में एक किशोर की मौत हुई है और दूसरा गंभीर रूप से घायल है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
लाजपत नगर, चांदनी चौक का माल अब हापुड़ से खरीदें, 390 रुपए से शुरू: 9456414025





















