
हापुड़ कलेक्ट्रेट पर आजाद समाज पार्टी का प्रदर्शन, गोंडा पुलिस के खिलाफ की नारेबाजी
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ में रविवार को आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने गोंडा पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपना आक्रोश जताया और राष्ट्रपति एवं राज्यपाल के नाम ज्ञापन एडीएम संदीप कुमार को सौंपा।
पार्टी नेताओं का आरोप है कि गोंडा जिले के बाराबंकी में सांसद एवं अधिवक्ता चंद्रशेखर आजाद के साथ पुलिस द्वारा कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया गया। इसके अलावा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की गाड़ियों पर पथराव तथा सांसद के साथ धक्का-मुक्की किए जाने का भी आरोप लगाया गया।
आजाद समाज पार्टी के पदाधिकारियों ने कहा कि एक सांसद के साथ बातचीत और व्यवहार के लिए निर्धारित प्रोटोकॉल होता है, लेकिन पुलिस द्वारा इसका पालन नहीं किया गया। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की।
इसी मांग को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं ने हापुड़ कलेक्ट्रेट पर धरना-प्रदर्शन किया और अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि सांसद चंद्रशेखर आजाद के सम्मान और अधिकारों के लिए उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
प्रदर्शन में आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष एवं हापुड़ विधानसभा प्रभारी व प्रत्याशी वीरेंद्र कुमार शिरीष, जिलाध्यक्ष वेद प्रकाश, प्रदेश कोर कमेटी सदस्य मुकेश प्रधान लोधी और मोहम्मद समीर, प्रदेश सचिव वीर सिंह गौतम, जिला प्रभारी अजहर कुरैशी, जिला महासचिव अशोक कुमार, विधानसभा अध्यक्ष राकेश मसंद, सुंदरपाल, महिपाल, अमरजीत समेत पार्टी और भीम आर्मी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
लाजपत नगर, चांदनी चौक का माल अब हापुड़ से खरीदें, 390 रुपए से शुरू: 9456414025





















