
बदनौली फायरिंग कांड में दो आरोपियों ने किया सरेंडर, पोस्टर लेकर पहुंचे कोतवाली
हापुड़, सीमन/ संजय कश्यप (ehapurnews.com): हापुड़ के गांव बदनौली में हुए फायरिंग कांड से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। शुक्रवार को मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों ने हापुड़ कोतवाली पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। दोनों आरोपी अपने हाथों में पोस्टर लेकर कोतवाली पहुंचे, जिन पर आत्मसमर्पण, अपना नाम और मुकदमा संख्या लिखी हुई थी।
आत्मसमर्पण करने वाले आरोपियों की पहचान बदनौली निवासी पेरिस चौधरी पुत्र जगवीर और कलवा उर्फ भूपेंद्र पुत्र प्रेमवीर के रूप में हुई है। इस दौरान दोनों आरोपियों के परिजन भी उनके साथ मौजूद रहे।
बताया जा रहा है कि बदनौली में हुए इस फायरिंग कांड में दीपक नाम के युवक की गोली लगने से मौत हो गई थी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। अब दो आरोपियों के थाने पहुंचकर सरेंडर करने के बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में भी जुटी हुई है। घटना को लेकर पुलिस द्वारा जांच पड़ताल की जा रही है।
मोना ड्रीम गैलरी से 999/- की शॉपिंग पर 1 GIFT FREE: 9927143205, 7817840559


















