
हापुड़: रेलवे रोड स्थित श्री राम मंदिर में धूमधाम एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
भव्य विद्युत सज्जा और आकर्षक श्रृंगार से जगमगाया मंदिर परिसर — हजारों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ की रेलवे रोड स्थित प्राचीन श्री राम मंदिर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव “जन्माष्टमी” का पर्व अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ मनाया गया। मंदिर को भव्य विद्युत सज्जा, आकर्षक रोशनी एवं सुंदर श्रृंगार से सजाया गया। मंदिर की भव्य सजावट एवं देवी-देवताओं के मनोहारी स्वरूप के दर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर में पहुँचे।
बताया गया कि श्री राम मंदिर का निर्माण वर्ष 1958 में हुआ था और यह हापुड़ के प्राचीनतम मंदिरों में से एक है। मंदिर के निर्माण के समय से ही यहां की प्रबंध समिति द्वारा श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को प्रतिवर्ष बड़े उत्साह, श्रद्धा और धार्मिक भावना के साथ मनाया जाता रहा है।
पुराने समय में जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर में भव्य एवं आकर्षक झांकियां सजाई जाती थीं। समय के साथ झांकियों की परंपरा भले ही बंद हो गई, लेकिन मंदिर की भव्य सजावट, विद्युत रोशनी एवं देवी-देवताओं के सुंदर श्रृंगार की परंपरा आज भी पूरी श्रद्धा के साथ जारी है।
इस अवसर पर मंदिर में श्री राम परिवार, भगवान श्रीकृष्ण, शिव परिवार, लक्ष्मी-गणेश, दुर्गा माता तथा लक्ष्मी-नारायण सहित सभी देवी-देवताओं का अत्यंत सुंदर श्रृंगार किया गया। सभी विग्रहों को आकर्षक नवीन पोशाकों एवं श्रृंगार से सजाया गया तथा पूरे मंदिर परिसर में विशेष विद्युत एवं लाइट डेकोरेशन की व्यवस्था की गई।
मंदिर के बाहर भव्य मुख्य द्वार बनाया गया तथा रेलवे रोड पर भी आकर्षक विद्युत सज्जा की गई। संपूर्ण मंदिर परिसर रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाता हुआ श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा।
श्री राम मंदिर में जन्माष्टमी के अवसर पर प्रत्येक वर्ष लगभग 8 से 10 हजार श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुँचते हैं। इनमें बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग एवं शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालु शामिल होते हैं। इस वर्ष भी शाम से ही मंदिर में दर्शनार्थियों की भीड़ लगातार बनी रही और रात्रि 12 बजे तक श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला जारी रहा।
कार्यक्रम में वैश्य समाज उत्तर प्रदेश के संरक्षक रविन्द्र कुमार गुप्ता, महामंत्री योगेन्द्र अग्रवाल, पश्चिमी उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय डाबर, पड़ोसी के.के. मित्तल एवं कृष्ण कुमार मित्तल, अर्चना कंसल परिवार सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
मंदिर की व्यवस्थाओं में धर्मेन्द्र शर्मा का भी विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम की समग्र व्यवस्थाओं में संजीव खुराना एवं अन्य सहयोगी कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
मंदिर के सचिव नरेन्द्र कुमार अग्रवाल ने पूरे मंदिर परिसर का निरीक्षण करते हुए सजावट, विद्युत व्यवस्था, श्रद्धालुओं के दर्शन, सुरक्षा एवं प्रसाद वितरण सहित सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों एवं सहयोगियों का उत्साहवर्धन किया।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा एवं धार्मिक आयोजन की गरिमा को ध्यान में रखते हुए की गई व्यवस्थाएँ अत्यंत सराहनीय हैं। सभी सदस्यों, सहयोगियों एवं सेवाभावी कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयास से जन्माष्टमी का यह आयोजन भव्य एवं सफल रूप से संपन्न हो रहा है।
एक फोन पर कराएं सीवर सैप्टिक टैंक की मशीन द्वारा सफाई: 9219695264


















