
CCTV कैमरे चोरी कर ले गया चोर
हापुड़, सीमन/अशोक तोमर(ehapurnews.com): हापुड़ नगर कोतवाली क्षेत्र के दादरी गांव में चोरी की घटनाओं से परेशान ग्रामीणों ने मंदिर की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरा लगवाया था। लेकिन चोरों ने पुलिस की रात्रि गश्त को चुनौती देते हुए शनिवार देर रात वही सीसीटीवी कैमरा चोरी कर लिया। घटना के बाद ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि जब गांव में सुरक्षा के लिए लगाया गया कैमरा भी सुरक्षित नहीं रहा तो चोरी की घटनाओं पर अंकुश कैसे लगेगा। ग्राम दादरी के अजीत सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि गांव स्थित महादेव मंदिर में पिछले कई माह से लाइट और अन्य सामान चोरी होने की घटनाएं हो रही थीं। लगातार हो रही चोरी से परेशान ग्रामीणों ने आपस में चंदा एकत्रित कर मंदिर की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरा लगवाया था। आरोप है कि शनिवार देर रात चोर मंदिर परिसर में पहुंचा और वहां लगा सीसीटीवी कैमरा ही चोरी कर ले गया।
Brainwaves International School: Admissions Open 2026-27 (Playgroup – Grade XI)


















