
हसूपुर में दो पक्षों में पथराव व मारपीट, कई लोग घायल
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के गांव हसूपुर में कहासुनी के बाद दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे पर लाठी-डंडों के साथ ईंट-पत्थर बरसाने लगे। मारपीट और पथराव की घटना से गांव में दहशत का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि एक पक्ष के गुड्डू और दूसरे पक्ष के रामू के बीच रास्ते में किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। आरोप है कि कहासुनी के बाद दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज शुरू हो गई। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के परिवार आमने-सामने आ गए।
इसके बाद दोनों पक्षों की ओर से लाठी-डंडों से मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर भी बरसाए गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह खुद को बचाया और घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। मारपीट में घायल हुए लोगों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्राधिकारी राहुल यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
हापुड़: पायल डिजाइनर कलेक्शन से होलसेल दामों पर खरीदे लेडीज़ कलेक्शन: 7417105068




















