
सिंभावली: अनियंत्रित होकर पलटी कार, तीन लोग घायल
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना सिंभावली क्षेत्र स्थित गांव बक्सर के पास शनिवार की सुबह एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर राहगीर घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को मामले की सूचना दी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस के अनुसार, मामले में अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कार चालक रमेश पुत्र बिंदा दीन निवासी ग्राम सातो थाना गुरुबख्शगंज जनपद रायबरेली थे। कार में उनके साथ विजेंद्र यादव पुत्र सुखदेव सिंह, मुन्नी देवी पत्नी सुखदेव और मोहम्मद आलम पुत्र फखरुद्दीन भी सवार थे। हरोड़ा बाईपास से मुरादाबाद की ओर लगभग 200 मीटर आगे हाईवे पर पानी भरा हुआ था। बताया गया कि पानी से गुजरते ही कार के शीशे पर पानी आ गया, जिससे चालक रमेश का वाहन से नियंत्रण हट गया औऱ कार डिवाइडर से टकराकर पलट कर सड़क किनारे जा गिरी।
हादसे में मुन्नी देवी के सिर और सीने में गंभीर चोटें आईं है जहां उन्हें उपचार के लिए हायर सेंटर भेजा गया है। विजेंद्र यादव और चालक रमेश को मामूली चोटें लगी हैं। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटाकर यातायात को सामान्य किया।
थाना प्रभारी अरविंद चौधरी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। घायल महिला को हायर सेंटर रेफर किया गया और अन्य घायलों को आवश्यक सहायता प्रदान की गई। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
एक फोन पर कराएं सीवर सैप्टिक टैंक की मशीन द्वारा सफाई: 9219695264




















