
हापुड़, सीमन/संजय कश्यप (EHapurNews.com): गढ़मुक्तेश्वर। गढ़-मेरठ मार्ग पर ग्राम दोताई के पास ज्ञान संजीवनी हॉस्पिटल के निकट तेंदुआ देखे जाने की सूचना के बाद वन विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण किया। डीएफओ गौतम सिंह के निर्देश पर क्षेत्रीय वन अधिकारी गढ़मुक्तेश्वर करण सिंह ने वन विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।बताया गया कि जिस पेड़ पर तेंदुए की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी, वन विभाग की टीम ने उस पेड़ और आसपास के स्थान का निरीक्षण किया। मौके की स्थिति देखने के बाद वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वायरल फोटो उसी स्थान की प्रतीत हो रही है।वन विभाग की टीम ने अस्पताल के डॉक्टरों और आसपास मौजूद लोगों को तेंदुए से बचाव के उपाय बताए। अधिकारियों के अनुसार तेंदुआ सुबह, शाम और रात के समय अधिक सक्रिय रहता है। ऐसे में ग्रामीणों से इन समयों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।



















