
किसान समीक्षा बैठक एवं संगठन विस्तार कार्यक्रम
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के ग्राम नवादा में गुरुवार को भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) द्वारा संगठन विस्तार एवं किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर महत्वपूर्ण किसान समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एनसीआर अध्यक्ष (युवा) एकलव्य सिंह सहारा उपस्थित रहे। मंच का संचालन विनोद धारीवाल एवं गौरव चौधरी ने किया, जबकि पंचायत की अध्यक्षता बाबा इंद्रवीर चौधरी द्वारा की गई।
बैठक में क्षेत्र के किसानों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। विनय बाना ने कहा कि किसान तहसील स्तर पर दाखिल-खारिज एवं फार्मर रजिस्ट्री जैसी समस्याओं को लेकर लगातार परेशान हैं और उन्हें बार-बार तहसील के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन लंबित समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो भारतीय किसान यूनियन द्वारा बड़े स्तर पर अधिकारियों एवं तहसील का घेराव किया जाएगा।
एनसीआर अध्यक्ष (युवा) एकलव्य सिंह सहारा ने कहा कि संगठन को मजबूत करने का अभियान लगातार जारी रहेगा। गांव-गांव बैठकें आयोजित कर किसानों की समस्याओं को एकत्रित किया जाएगा और उनके समाधान के लिए संगठन स्तर पर प्रभावी रणनीति तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसान हितों की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाने के लिए संगठन का विस्तार और किसानों को एकजुट करना प्राथमिकता है।
पंचायत अध्यक्ष बाबा इंद्रवीर चौधरी ने कहा कि बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि यदि किसानों की समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान नहीं किया गया, तो भारतीय किसान यूनियन संबंधित अधिकारियों का घेराव कर आंदोलनात्मक कदम उठाने के लिए बाध्य होगी।
बैठक में आगामी कार्यक्रमों एवं संगठन की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में किसान, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने सभी किसानों से एकजुट होकर किसान हितों की लड़ाई को मजबूत करने का आह्वान किया।
कमल डोसा प्लाजा पर चखें मधुबन बड़ा व स्वादिष्ट डोसे का स्वाद: 7017570838, 7668606012*



















