
स्वतंत्रता दिवस पर वृध्दाश्रम में मिठाई का वितरण
हापुड सीमन (ehapurnews.com): जायंट्स ग्रुप ऑफ हापुड़ के तत्वावधान में दोयमी रोड स्थित आवासीय वृद्धाश्रम में राष्ट्रध्वज तिरंगे को नमन करते हुए देशभक्ति, सेवा और मानवीय संवेदना से ओत-प्रोत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर संस्था के सदस्यों ने वृद्धजनों के साथ आत्मीयता के पल बिताए तथा उन्हें कंबल, फल एवं मिठाइयों का वितरण किया।
इकाई निदेशक डॉ. अनिल बाजपेई ने कहा, “तिरंगा हमें केवल देश के प्रति गौरव का एहसास नहीं कराता, बल्कि यह भी सिखाता है कि राष्ट्र की शक्ति उसके नागरिकों की संवेदना और एक-दूसरे के प्रति जिम्मेदारी में निहित है। वृद्धाश्रम में आकर इन बुजुर्गों के साथ कुछ पल बिताना हमारे लिए केवल सेवा नहीं, बल्कि अपने संस्कारों और मानवीय मूल्यों से जुड़ने का अवसर है। जिस समाज में बुजुर्ग सम्मानित होते हैं, वही समाज वास्तव में समृद्ध और संस्कारित होता है।”
अध्यक्ष पवन सक्सेना ने कहा कि समाजसेवा किसी औपचारिकता का नाम नहीं, बल्कि जरूरतमंद के चेहरे पर मुस्कान लाने का संकल्प है। वृद्धजनों की सेवा और सम्मान हम सभी का सामाजिक दायित्व है।
संरक्षक योगेश गर्ग ने कहा कि राष्ट्रभक्ति केवल नारों और आयोजनों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। जब देश के किसी बुजुर्ग, जरूरतमंद या असहाय व्यक्ति के जीवन में हम थोड़ी खुशी ला पाते हैं, तभी हमारी देशभक्ति वास्तविक अर्थ प्राप्त करती है।
सचिव संजय गोयल ने कहा कि समाजसेवा का उद्देश्य केवल वस्तुओं का वितरण करना नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के साथ आत्मीय संबंध स्थापित करना है।
मुख्य अतिथि लोच तथा विशिष्ट अतिथि गौरव एवं ऋतु ने भी तिरंगे को नमन करते हुए कहा कि भारत की संस्कृति में बुजुर्गों को सदैव सम्मान का स्थान मिला है। उनकी सेवा करना हमारी परंपरा, संस्कार और मानवीय जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान वृद्धाश्रम के प्रबंधक पूनम एवं विनीत ने जायंट्स ग्रुप ऑफ हापुड़ के सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था द्वारा वृद्धजनों के साथ अपनत्व और संवेदना के साथ समय बिताना उनके लिए अत्यंत भावुक और सुखद अनुभव है। ऐसे सामाजिक प्रयास वृद्धजनों के जीवन में आशा और आत्मीयता का संचार करते हैं।
इस अवसर पर पंकज अग्रवाल, राजेश शर्मा, ऋतु, गौरव, टी.पी. सिंह सहित संस्था के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
अपने भाई के लिए Handmade Premium Quality की राखी और गिफ्ट हैंम्पर खरीदें: 9953176364
ग्रुप से जुड़े
NEHA_VARSHNEY_GARG




















