
करंट लगने से अधिवक्ता की मौत का मामला: ट्यूबवेल मालिक व विद्युत अधिकारियों पर मुकदमा
हापुड़, सीमन/संजय कश्यप (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना हापुड़ नगर क्षेत्र के गांव दादरी में ट्यूबवेल पर करंट लगने से हुई अधिवक्ता प्रमोद कुमार की मौत के मामले में पुलिस ने मृतक अधिवक्ता के भतीजे किशोर कुमार पुत्र सत्यपाल सिंह निवासी जसरूप नगर की तहरीर के आधार पर ट्यूबवेल मालिक गुड्डू और बिजली विभाग के संबंधित अधिकारियों पर मुकदमा दर्ज किया है।अधिवक्ता प्रमोद कुमार हापुड़ जिला एवं सत्र न्यायालय विधि व्यवसायरत थे।
16 अगस्त को प्रमोद कुमार अपनी पत्नी और बेटी के साथ दस्तोई रोड स्थित ग्राम दादरी क्षेत्र में अपने खेत पर धान की फसल से खरपतवार निकालने गए थे। करीब दोपहर 1:30 बजे वह ट्यूबवेल के पास पानी पीने पहुंचे, जहां करंट की चपेट में आ गए।
परिजनों ने लकड़ी के डंडे की मदद से उन्हें लोहे के पाइप से अलग किया और उपचार के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय ले गए। बाद में उन्हें आनंद विहार स्थित आरोग्य अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्रमोद कुमार को मृत घोषित कर दिया।सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शिकायत में गंभीर आरोप:
परिजनों का आरोप है कि मौके पर ट्रांसफार्मर से बिना खंभे के अवैध रूप से तार लगाए गए थे। शिकायत में ट्यूबवेल संचालक और बिजली विभाग के जेई, लाइनमैन समेत अन्य कर्मचारियों पर कथित मिलीभगत और लापरवाही के आरोप लगाए गए हैं। परिजनों ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
Brainwaves International School: Admissions Open 2026-27 (Playgroup – Grade XI)




















