
तिरंगे के सम्मान में देशभक्ति से परिपूर्ण आयोजन
हापुड़,सीमन (ehapurnews.com):एलायंस क्लब हापुड़ गौरव के तत्वावधान में हापुड मे राष्ट्र की आन, बान और शान तिरंगे के सम्मान में भव्य उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत वातावरण में क्लब की पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने तिरंगे को नमन करते हुए राष्ट्र के प्रति अपने समर्पण और सम्मान को अभिव्यक्त किया।
इस अवसर पर क्लब की सदस्यों ने देशभक्ति के गीतों तथा भावपूर्ण नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से तिरंगे की गौरवगाथा को जीवंत कर दिया। वातावरण में गूंजते देशभक्ति के स्वर और तिरंगे की शान ने उपस्थित सभी लोगों में राष्ट्रप्रेम का भाव जागृत कर दिया।
क्लब अध्यक्ष डॉ. आराधना बाजपेई ने कहा कि तिरंगा केवल तीन रंगों से बना ध्वज नहीं, बल्कि भारत की अस्मिता, स्वतंत्रता, एकता और गौरव का प्रतीक है। इसके सम्मान में सिर झुकाना प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का क्षण है। तिरंगे का प्रत्येक रंग और अशोक चक्र हमें त्याग, शांति, साहस और निरंतर कर्म की प्रेरणा देता है।
सचिव नीरू मित्तल ने कहा कि तिरंगे की शान में ही देश की शान निहित है। हमें आने वाली पीढ़ी को राष्ट्रध्वज के सम्मान, स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का महत्व समझाना चाहिए। देशभक्ति केवल नारों तक सीमित न रहकर हमारे आचरण में दिखाई देनी चाहिए।
कोषाध्यक्ष अर्चना कंसल ने कहा कि तिरंगा हर भारतीय को एक सूत्र में बांधने वाला राष्ट्रीय प्रतीक है। देश की एकता और अखंडता को मजबूत करना तथा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना ही तिरंगे का सही अर्थों में सम्मान है।
कार्यक्रम में डॉ. आराधना बाजपेई, नीरू मित्तल, अर्चना कंसल, रजनी बंसल, एडवोकेट ज्योति, संतोष सिंघल, सुषमा खन्ना, सिमरन गोयल, आशा भटनागर, गीता गर्ग, किरण गोस्वामी, कुसुम गोयल, पूनम शर्मा, रेखा सिंह, संतोष शर्मा, शालिनी चौधरी, स्वाति मित्तल, उर्मिला शर्मा, बीना जिंदल, चंचल गर्ग, उषा अग्रवाल, संध्या सहित क्लब की अनेक सदस्य उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रप्रेम और देश की एकता-अखंडता बनाए रखने के संकल्प के साथ हुआ।
हापुड़ की विश्वसनीय कपड़ों की दुकान “रामदास मोहनलाल माहेश्वरी बजाज” से खरीदें लहंगा, लेडीज सूट, डिजाइनर साड़ियां, स्टॉल, ज्वेलरी बहुत कुछ: 9927870069




















