
वैद्य धनीराम शर्मा वैलनेस सेंटर में लगा विशाल रक्तदान शिविर
हापुड़, सीमन/ अशोक तोमर (ehapurnews.com): हापुड़। वैद्य धनीराम शर्मा वैलनेस सेंटर एवं देव नंदिनी ब्लड बैंक के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर स्वेच्छा से रक्तदान किया तथा मानव सेवा के इस पुनीत कार्य में अपना योगदान दिया।
कार्यक्रम के दौरान वैद्य वरुण शर्मा ने कहा कि “रक्तदान महादान है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है। स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान अवश्य करना चाहिए।”
वैद्य करुण शर्मा ने कहा कि आयुर्वेद के महान शल्य चिकित्सक आचार्य सुश्रुत ने रक्त के महत्व का विस्तार से वर्णन किया है। उन्होंने बताया कि रक्तमोक्षण जैसी आयुर्वेदिक प्रक्रियाओं का उल्लेख प्राचीन ग्रंथों में मिलता है, जो विभिन्न विकारों में लाभकारी मानी गई हैं। उन्होंने स्वस्थ व्यक्तियों से चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार 4 से 6 माह के अंतराल पर रक्तदान करने का आह्वान किया।
शिविर के सफल संचालन में डॉ. आशुतोष, डॉ. सुरेश एवं डॉ. शिव कुमार जी का विशेष योगदान रहा। आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।
ईंट नहीं बल्कि पूरा घर आरसीसी का, अभी बुक करें अपार्टमेंट: 9557396447





















