
फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव
हापुड़, सीमन/ अमित कुमार (ehapurnews.com): अमरोहा निवासी एक महिला का शव सिंभावली के अनूपपुर डिवाई गांव में शनिवार की तड़के फंदे से लटका मिला जिसके बाद मृतका के मायके वालों ने पति पर हत्या का आरोप लगाया है और कार्रवाई की मांग की है।
गंगेश्वरी थाना रहरवा, जनपद अमरोहा के निवासी विकास की पत्नी स्वाति का शव कमरे के अंदर लटका मिला। विकास ने इसकी सूचना अपने परिजनों को दी, जिन्होंने बाद में सिंभावली पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही थाना सिंभावली पुलिस मौके पर पहुंची और महिला के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने आरोप लगाया कि स्वाति के शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम के लिए भेजने से पहले उन्हें सूचित नहीं किया गया। इससे नाराज परिजन थाने पहुंचे और नाराजगी व्यक्त की। स्वाति के पिता महेंद्र सिंह निवासी लालपुर, थाना रहरवा, जनपद अमरोहा ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी स्वाति की शादी छह साल पहले विकास से की थी। उनके दो बेटे और एक बेटी हैं। महेंद्र सिंह के अनुसार, विकास उनकी बेटी को बिना वजह परेशान करता था और उन्होंने ही स्वाति की हत्या की है।
सिंभावली थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि महिला के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर जांच की जाएगी और मुकदमा पंजीकृत किया जाएगा।
हापुड़ की विश्वसनीय कपड़ों की दुकान “रामदास मोहनलाल माहेश्वरी बजाज” से खरीदें लहंगा, लेडीज सूट, डिजाइनर साड़ियां, स्टॉल, ज्वेलरी बहुत कुछ: 9927870069























